फूलपुर के बौड़ई गांव में मृतक के घर ढांढस बंधाते कांग्रेसी।
बरात के दौरान दो लोगों की मौत का राज सीसीटीवी फुटेज में सामने आ गया है। जांच में सामने आया है कि घटना के वक्त एक संदिग्ध इंडिका कार मौके पर देखी गई थी। कार कानपुर देहात में पंजीकृत है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में जुट गई है।
बौड़ई गांव में बरात के दौरान हुए हादसे की गुत्थी धीरे-धीरे सुलझती नजर आ रही है। पुलिस जांच में मिले सीसीटीवी फुटेज ने कई अहम सुराग दिए हैं। शुरुआती जांच में घटना को हादसा माना जा रहा था लेकिन सीसीटीवी सामने आने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम काम कर रही है। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - विवेक यादव, सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर।
कांग्रेसियों ने पीड़ित परिवारों को बंधाया ढांढ़स
हादसे के बाद बृहस्पतिवार को कांग्रेस गंगापार अध्यक्ष अशफाक अहमद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने मृतकों के परिजनों और घायलों के परिवारों को ढांढ़स बंधाया। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से बात कर मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता, मृतक रमेश के परिवार को आवासीय पट्टा दिलाने और घायलों के इलाज के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। मौके पर देवराज उपाध्याय, अमर सिंह पटेल और सुनील पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद