वाणिज्य कर विभाग के सचल दस्ते ने बृहस्पतिवार को एक साथ तीन जगह छापा मारकर लाखों रुपये के टैक्स की चोरी पकड़ी। इस दौरान विभाग की टीम ने तीनों ही स्थानों पर रखे तमाम अभिलेख भी सीज कर लिए। विभागीय टीम द्वारा आगे भी टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाए जाने की बात कही गई है।
स्टेट जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन डीएस तिवारी के निर्देश पर विभागीय अफसरों ने टैक्स चोरी की सूचना जुटाकर नैनी में दो स्थानों पर एवं मेजा के एक क्रशर प्लांट में छापा मारा। इन तीन स्थानों पर विभाग की कुल चार टीमों द्वारा की गई कार्रवाई के बाद संबंधित फर्म में रखे हुए दस्तावेज भी सीज कर लिए गए। नैनी में टायर की दुकान के साथ एक फर्म के कार्यालय में इनपुट टैक्स क्रैडिट में हेरफेर कर लाखों रुपये की टैक्स चोरी पकड़े जाने की बात सचल दस्ते में शामिल अफसरों ने कही।
इसी तरह मेजा में भी एक क्रेशर प्लांट में कार्रवाई की गई। पिछले दिनों भी विभागीय टीम ने यमुनापार के कुछ गिट्टी का व्यवसाय करने वालों के यहां कार्रवाई की थी। विभाग के अफसरों ने बताया कि तीनों फर्म में आईटीसी का हेर फेर 20 लाख से ज्यादा की टैक्स चोरी का मामला पकड़ में आया है। हालांकि वहां रखा माल सीज नहीं किया गया। विभाग ने अब टैक्स वसूली की तैयारी की है। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अफसर हेमंत गौतम, मुकेश कुमार सिंह, लल्लन यादव, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।