रविवार की शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे आभूषण कारोबारी को ओवरटेक कर दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने तमंचा सटा दिया और मारपीट की। साथ ही डिक्की में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी समेत तकरीबन ढाई लाख के जेवरात लेकर भाग निकले। लूट की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस देर रात तक जांच-पड़ताल करती रही।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के वरुण बाजार निवासी शिव शंकर सोनी (28) पुत्र स्वर्गीय रामबाबू ने फूलपुर के भोगवारा बाजार में ज्वेलरी की दुकान खोल रखी है। रविवार शाम को दुकान बंद कर वह वापस घर लौट रहा था। जैसे ही भोगवारा से वरुणा बाजार जाने वाले मार्ग पर खोजापुर गांव के सामने पहुंचा तभी दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद वह तमंचा सटाकर व्यवसायी से मारपीट करने लगे। जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बदमाशों ने बाइक की डिक्की तोड़कर करीब दो लाख के गहने और 15 हजार नकद छीन लिए और फरार हो गए। वहीं, बदमाशों को भागता देख कारोबारी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
बोले अफसर
घटना लूट की नहीं बल्कि टप्पेबाजी की है। मामले के तीन संदिग्धों की तलाश की जा रही है। -पंकज लवानिया एसीपी फूलपुर