थाना क्षेत्र के खरकौनी माधवपुर पट्टी में रहने वाले सिपाही के घर को चोरों ने निशान बनाते हुए लाखों की नकदी सहित आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर नैनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार सिंह उत्तर प्रदेश में सिपाही हैं और इन दिनों उनकी तैनाती प्रतापगढ़ में हैं। उनकी पत्नी बीनू सिंह बच्चों के साथ यहां रहती हैं। इनके मकान में पांच किरायेदार हैं। वह मकान में ताला लगाकर चाबी अन्य कमरे में रखकर किसी काम से घर से निकली थीं। दो बजे लौटने पर कमरे की चाबी दूसरे स्थान पर मिली।
शाम को उन्होंने किसी काम से अपनी आलमारी खोली तो 1.26 लाख रुपये नकदी और सोने चांदी के आभूषण गायब थे। उन्होंने पति को फोन पर घटना की जानकारी दी। वहीं, सूचना पर नैनी पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोरों का पता लगाने में जुटी हुई है।