केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को सर्किट हाउस सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जल शक्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से राम मंदिर दान चोरी मामले पर सरकार का पक्ष पूछा गया तो उन्होंने हल्की मुस्कान के साथ राम...राम...राम कहा। इतना कह वह केंद्र सरकार की अन्य उपलब्धियों की चर्चा करने लगे।
उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक (उज्जैन) और केदारनाथ पुनर्विकास परियोजना का उल्लेख किया। कहा कि इन परियोजनाओं ने देश की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान की है। राममंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय था। यह सपना अब साकार हो गया है।