महापौर गणेश केसरवानी ने नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों और जनसुविधाओं से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी, स्वच्छता व प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम निधि के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति जानी गई। महापौर ने स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सीएम ग्रिड, 15वें वित्त आयोग, नगर सृजन व पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजनाओं के तहत कार्यों की भी समीक्षा हुई।
महापौर ने वर्षा के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। नालों की सफाई व जल निकासी मार्गों की व्यवस्था प्राथमिकता से पूरी करने के लिए कहा।
जनकार्य, विद्युत और मार्ग प्रकाश विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाए रखने को कहा। खराब स्ट्रीट लाइटों को समय पर ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण और स्वास्थ्य विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वच्छता प्रभावी बनाने को कहा। सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए। मच्छरजनित समस्याओं से बचाव के लिए फॉगिंग पर जोर दिया गया। नैनी क्षेत्र में पेयजल योजना के विस्तार व पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।