प्रयागराज और प्रतापगढ़ के मध्य में बसे 30 हजार की आबादी वाले नगर पंचायत मऊआइमा में पावरलूम का बड़ा कारोबार होता है। यहां पर कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक और जूते-चप्पल समेत अन्य दुकानों पर रोजाना हजारों लोग खरीदारी करने आते हैं। लेकिन, सदर बाजार में रास्ते पर अतिक्रमण की वजह से कारोबार प्रभावित होता है। संकरे रास्ते में जाम की स्थिति दिन भर बनी रहती है। जिसके चलते व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होता है।
सदर बाजार में पार्किंग के लिए वाहन स्टैंड तक नहीं है जिससे खरीदार कहीं भी गाड़ी खड़ी कर देते हैं। जिस वजह से जाम की स्थिति बनी रहती है। सचिन साहू सदर बाजार में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाते हैं। उनका कहना है कि अतिक्रमण के कारण मार्ग काफी सकरा हो गया है। दूर दराज से सामान की खरीदारी करने आए ग्राहक को बाइक खड़ी करने में परेशानी होती है। जिसका असर व्यापार पर पड़ता है।
जूता चप्पल की दुकान चलाने वाले जावेद ने कहा कि ईद की खरीदारी जोरों पर है। लेकिन, सड़क पर गाड़ी खड़ी होने से जाम की स्थिति बन जाती है। जिस वजह ग्राहकों को दिक्कत होती है। कपड़ा कारोबारी मोहम्मद सालिम ने बताया कि ईद की खरीदारी के लिए ग्राहक आ रहे हैं। पार्किंग न होने से वह सड़क पर कहीं भी गाड़ी खड़ी कर देते है। जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। दुकान के सामने जाम देख ग्राहक भी आने से कतराते हैं।
किराना व्यापारी जयदीप साहू ने बताया कि अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति गंभीर होती जा रही है। इससे निजात दिलाने के लिए अफसरों को सोचना चाहिए। माॅल खुलने से पड़ा असर : स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि चुनौंटा कुआं से लेकर सदर बाजार, तीन बत्ती तक जाम की स्थिति रहती है। साथ ही जगह-जगह पर छोटे-छोटे मॉल खुल गए हैं। जहां पर खाने-पीने से लेकर कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की बिक्री होती है। ग्राहक वहीं से सामान खरीद रहे हैं। जिस वजह से दुकानदारी कम हो रही है।
फुटपाथ पर लगी दुकानों से भी लग रहा जाम : बड़े दुकानदार और व्यापारियों का आरोप है कि सड़क के फुटपाथ पर रेहड़ी-पटरी वालों ने कब्जा कर रखा है। पैदल राहगीर फुटपाथ पर न चलकर सड़क से जाता है। जिस वजह से भी जाम लग रहा है।