जसरा। ट्रांसफाॅर्मर का फ्यूज उड़ने से पूरी रात लोगों को गर्मी झेलते हुए अंधेरे में गुजारनी पड़ी। इंडियन बैंक के पास स्थित ट्रांसफाॅर्मर में रविवार की रात करीब नौ बजे अचानक फ्यूज उड़ गया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने गौहनिया विद्युत केंद्र में तैनात कर्मचारियों को दिया। लेकिन मौके पर कोई कर्मचारी नहीं आया।
इसके चलते बाजार के एक बड़े भाग में जहां पूरी रात अंधेरा पसरा रहा वहीं पर लोगों को भीषण गर्मी को झेलने की मजबूरी भी बनी रही। सोमवार सुबह नौ बजे के करीब कर्मचारियों के आने पर फ्यूज को बांधा गया। व्यापारियों ने बताया कि मात्र पांच मिनट के काम को समय पर निपटाया गया होता तो लोगों को गर्मी और अंधेरा झेलने के लिए मजबूर ना होना पड़ता। जेई संतोष गौतम से इस बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।