फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिज़ा में इबादत की खुशबू, घुली सेवइयों की मिठास

Tue, 27 Jun 2017 01:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
खुदा की इबादत में माह भर गुजारने के बाद सोमवार को ईद की खुशियां मिलीं तो फिज़ा में इबादत की खुशबू और सेवइयों की मिठास संग-संग फैली, घुली। बड़े मियां हों या छोटे मियां हर कोई अपने में मगन दिखा। इबादतगाहों के बाहर भी मेले जैसा माहौल दिखा। मजहब की दीवारें बेमानी रहीं। इबादतगाह से बाहर निकलने पर लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां बांटी। घर लौटकर तरह-तरह की सेवइयां चखी गईं।
विज्ञापन


करेली, गौसनगर, नूरुल्लाह रोड, तुलसीपुर-रसूलपुर, वसीयाबाद, दरियाबाद, शाहगंज, पत्थर गली, कोलहन टोला, मिन्हाजनपुर, नखासकोहना, दायराशाह अजमल, दरियाबाद, अटाला, रानीमंडी सहित तमाम मुस्लिम इलाकों में हर ओर खुशी का आलम रहा। नमाज के बाद से ही लोगों का एक दूसरे के घर आने जाने का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर रात तक जारी रहा।

बड़ों से ईदी पाकर बच्चे भी खुश रहे। बड़ों ने अपने से छोटों को ईदी दी। इसमें तरह-तरह के उपहारों संग टीवी, फ्रिज, गाड़ी तक शामिल रहा। जिन परिवारों में शादियां तय हैं, वहां लड़की वालों की ओर से कपड़े, सेवइयों संग ईदी भी भेजी गई।
विज्ञापन


ईद पर पूरे दिन खुशियों का आलम रहा। ऐसे में शहर के तमाम मुस्लिम मोहल्लों में कई जगहों पर लाउडस्पीकर, स्पीकर लगाकर नए-पुराने गाने बजाए गए। इस पर बच्चों, युवाओं की टोली ने जमकर डांस किया।

ईद के मौके पर सरहद पार पाकिस्तान, सऊदी अरब, अफ्रीका, ईरान सहित तमाम दूसरे मुल्कों में भी लोगों ने अपने दोस्तों, रिश्तेदारों को ईद की मुबारकबाद भेजी। हालचाल के साथ ईद के मौके पर तैयार खास पकवानों के बारे में भी पूछा । व्हाट्सएप और वीडियो कॉलिंग का सिलसिला चांद रात से ही शुरू हो गया था।

ईद पर गले मिलने और सेवइयों की मिठास चखने के लिए गैर मुस्लिम दोस्तों का सबसे ज्यादा इंतजार रहा। वहीं लोग अपने मुस्लिम दोस्तों के घर जाना नहीं भूले। घर जाकर मुबारकबाद दी और जी भरकर सेवइयां चखीं। साथ ही तरह-तरह के लजीज पकवानों का लुत्फ लिया।

ईद के दूसरे दिन मंगलवार को गुलाबबाड़ी, मंसूर पार्क, अटाला पार्क, गौसनगर आदि जगहों पर बच्चों केलिए टर का मेला लगेगा जिसमें तरह-तरह के झूले और खाने-पीने के स्टाल लगेंगे। वैसे ईद को ही बच्चों ने इन जगहों पर पहुंचकर ईदी के पैसे खर्च किए।

इलाहाबाद। लोक उन्नति समिति की ओर से संचालित मानवता बैंक की ओर से ईद पर सिविल लाइंस स्थित शहीद वाल से मानवता रथ निकाला गया। समिति के अध्यक्ष अभिषेक चौहान के नेतृत्व में तमाम जगहों पर सड़क किनारे बैठे जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट बांटे गए। इस काम में धर्मेंद्र नाथ मिश्र, श्यामाचरण त्रिपाठी, एके ओझा, संजीव सिंह, पंकज सिंह आदि शामिल थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें