नगर निगम सदन में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को गाए जाने के दौरान पांच पार्षदों द्वारा अपने स्थान से खड़े न होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में महापौर अभिलाषा गुप्ता ने नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने राष्ट्रगीत गाने के दौरान सदन हाल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज शासन को भेजे जाने का निर्देश भी दिया है। बताया जा रहा है कि सोमवार को शासन को सीडी भेज दी जाएगी।
बता दें कि बृहस्पतिवार को सदन की कार्रवाई के पूर्व राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को गाए जाने के दौरान पांच पार्षद अपने स्थान पर बैठे रहे। मामला तूल पकड़ता देख महापौर ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कहा कि इस मामले में जो भी संवैधानिक कार्रवाई हो वह उक्त पांचों पार्षदों के खिलाफ की जाए। महापौर के अनुसार अगर पांचों पार्षदों को राष्ट्रगीत से कोई एतराज था तो उन्हें सदन हाल से बाहर चले जाना चाहिए था। कम से कम राष्ट्रगीत के गीत के दौरान उन्हें खड़ा होना चाहिए था, पांचों को राष्ट्रीय गीत गाने की बाध्यता नहीं थी। उन्होंने बताया कि सचिव परिषद से भी कहा गया है कि इस प्रकरण पर पांचों पार्षदों के खिलाफ किस तरह से कार्रवाई हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज की भी सीडी बना दी गई है। यह सीडी शासन को भेजी जाएगी। शासन स्तर पर पांचों पार्षदों की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय होना है।