धूमनगंज के कन्हईपुर में ससुराल में रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या करने वाले वायु सैनिक के पिता राम नरेश वर्मा ने बहू पर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की शुक्रवार को छुट्टी खत्म हो रही थी। वह अपनी बेटी और पत्नी से मिलने ससुराल गया था। वहां घर के बाहर खड़े होकर करीब एक घंटे तक वह बेटी से मिलने की गुहार लगाता रहा लेकिन उसके ससुरालियों ने दरवाजा तक नहीं खोला, जिससे आहत होकर उनके बेटे ने खुद को गाली मार ली।
धूमनगंज इंस्पेक्टर वैभव सिंह ने बताया कि वायु सैनिक के पिता की तहरीर पर बहू वैशाली वर्मा उर्फ इंदू, सास, ससुर और साले के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। राम नरेश वर्मा मूलरूप से कौशाम्बी के कड़ेधाम के रहने वाले हैं। लेकिन कई साल से वह कानपुर के चकेरी थाने के स्वर्णजयंती बिहार कोयला नगर में किराए का मकान लेकर परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार को इकलौते बेटे आशीष कुमार वर्मा 32 के मौत के बाद राम नरेश परिवार के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ साल बाद से ही उनकी बहू वैशाली अपने मायके में ही रह रही थी। कई बार उसे बुलाने के लिए उनका बेटा गया लेकिन वह नहीं आई। हर महीने आशीष अपनी बेटी की पढ़ाई और पत्नी के खर्च के लिए पैसे देता था।
पिता राम नरेश ने धूमनगंज पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उनके बहन की बेटी की 21 अप्रैल को शादी थी और बेटे की 24 को सगाई थी। उसी में शामिल होने लिए उनका बेटा आशीष 20 अप्रैल को ड्यूटी से एक महीने की छुट्टी लेकर घर आया था। आरोप है कि वह शादी में जाने के लिए वैशाली को बुलाने ससुराल आया था। लेकिन उसकी पत्नी वैशाली सास, ससुर और उसके साले ने उनके बेटे के साथ गाली-गलौज कर अपमानित करते हुए वहां से भगा दिया। उधर शुक्रवार को आशीष की छुट्टी की खत्म होने वाली थी।
वह घर से बैग लेकर ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था और उन लोगों से बोला था कि वह प्रयागराज अपनी बेटी और पत्नी से मिलने के लिए जा रहा है बेटी के फीस और पत्नी को खर्चे देकर वहीं से पश्चिम बंगाल के हासिमआरा ड्यूटी पर चला जाऊंगा। उधर, जब उनका बेटा ससुराल पहुंचा तो वहां पर उसकी पत्नी और बेटी से मिलने नहीं दिया गया। उनके बेटे ने कहा कि यदि उसे मिलने नहीं दिया जाएगा तो वह घर के बाहर ही आत्महत्या कर लेगा। इस पर उसकी पत्नी और परिवार के अन्य लोगों ने कहा इस तरह से तुम कई बार धमकी दे चुके हो। इन बातों से आहत होकर उनका बेटा अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गाली मारकर आत्महत्या कर ली।
धूमनगंज पुलिस ने पत्नी के घर में लगे सीसीटीवी की डीवीआर जांच के लिए अपने साथ ले गई है। इंस्पेक्टर वैभव सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर बहू समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
वायु सैनिक पत्नी से बातचीत में कहता था कि तुम्हारे घर के सामने अपनी जान दे दूंगा
वायु सैनिक की पत्नी वैशाली ने कहा कि 23 अप्रैल को वह आशीष के घर कानपुर गई थी वहां से बुआ बेटी की शादी मेें कौशाम्बी गई थी। शादी के बाद वह कड़ेधाम स्थित उसके पुश्तैनी मकान में एक सप्ताह तक साथ रही। वहां पर आशीष ने उसके साथ मारपीट किया। उसके बाद वह अपने घर चली आई। शुक्रवार को दोपहर के समय आशीष घर पर आया और फिर थोड़ी देर बाद वापस चला गया। उसके बाद शाम करीब चार बजे दोबारा आया। उस समय वह और उसकी मां घर में थी। तभी बाहर फायरिंग की एक आवाज सुनाई दी। उसके बाद वह घर में लगे सीसीटीवी में देखी तो उसका पति रिवॉल्वर लेकर बाहर खड़ा था। उसके तुरंत बाद दूसरी गोली चलने की आवाज आई। बाहर आकर देखी तो उसका पति खून से लथपथ पड़ा था। पत्नी ने बताया कि आशीष जब भी उससे झगड़ा करता तो बोलता था कि मैं तुम्हारे घर के सामने अपनी जान दे दूंगा। उसे नहीं पता था कि वह सच में इस तरह की वारदात को अंजाम दे देगा।