सरायइनायत थाना क्षेत्र के एक गांव में दो सगी एवं एक चचेरी बहन ने अपने ही घर में चोरी कर लाखों के जेवर परिचित युवकों को दे दिया। घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य शादी में गए थे। शादी से वापस घर आने पर घटना की जानकारी हुई तो खलबली मच गई। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में दो दिन पहले एक ज्वेलरी का काम करने वाला परिवार फूलपुर में शादी समारोह में गया था। घर में तीन नाबालिग बेटियां थी। रात में तीनों ने अलमारी का लॉकर खोल उसमें रखे तकरीबन 70 लाख के सोने-चांदी के जेवर समेट लिया और पोटली बनाकर बाइक से आए परिचित युवकों को दे दिया।
रविवार को शादी से लौटे परिजनों को जब यह जानकारी हुई तो खलबली मच गई। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया तो लड़कियों की करतूत सामने आई। परिजनों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और तीन युवकों को दबोच कर थाने ले आई। पुलिस की पूछताछ में युवकों ने जेवर लेना स्वीकार किया। पुलिस ने युवकों की निशानदेही पर अधिकांश जेवर बरामद कर लिया है।