इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की 18 अक्तूबर को हुई आमसभा के दौरान एल्डर कमेटी और निवर्तमान कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के बीच हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है। घटना को लेकर मंगलवार को दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। एल्डर कमेटी का कहना है कि दूसरे पक्ष ने बिजली कटवा कर कुर्सियां तोड़ डालीं और हत्थों से उनके सदस्यों पर जानलेवा हमला किया, वहीं निवर्तमान कार्यकारिणी ने भी इसी प्रकार के आरोप लगाए हैं।
कमेटी की ओर से चेयरमैन और एडिशनल सॉलिसिटर जनरल शशि प्रकाश सिंह ने थाने में तहरीर दी है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनको बार एसोसिएशन का चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसको लेकर 18 अक्तूबर को आम सभा की बैठक बुलाई गई थी। मगर उनके बैठक में पहुंचने से पहले ही निवर्तमान कार्यकारिणी के अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह, महासचिव प्रभा शंकर मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जमील अहमद आज़मी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश चंद्र तिवारी, प्रभा शंकर के सहयोगी राहुल मिश्रा, कृष्णम पांडेय, नारायण त्रिपाठी सोहगौरा आदि ने सभा स्थल पर पहले से ही कब्जा जमा रखा था और एल्डर कमेटी के सदस्यों को देखते ही गालियां देते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि इन लोगों ने पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर के चौबे व संतोष चंद्रा के साथ मिलकर बिजली कटवा दी थी। इसके बाद एल्डर कमेटी के सदस्यों पर जानलेवा हमला किया। बार में रखीं कुर्सियों को तोड़ कर उनके हत्थों से हथियार की तरह मारपीट शुरू कर दी, जिससे आम सभा में भगदड़ मच गई। मारपीट में कई लोगों को चोटें आई हैं। एल्डर कमेटी ने तहरीर में 15 चश्मदीद गवाहों के नाम भी दिए हैं। साथ ही दावा किया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जो कि मांगने पर उपलब्ध करा दी जाएगी।
दूसरी ओर निवर्तमान कार्यकारिणी के महासचिव प्रभा शंकर मिश्र की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि 18 अक्तूबर को वह वार्षिक बजट पर प्रस्ताव आम सभा के समक्ष पढ़ रहे थे। चूंकि आम सभा ने एल्डर कमेटी के चेयरमैन शशि प्रकाश सिंह को सदस्यता से हटा दिया है, इससे नाराज होकर शशि प्रकाश सिंह, एनसी राजवंशी, टीपी सिंह, अनिल तिवारी अपने समर्थकों के साथ आए और गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इन लोगों ने बार की लाइट भी कटवा दी थी। लाइब्रेरी हॉल में रखीं कुर्सियां और दरवाजे तोड़ दिए।
उल्लेखनीय है कि 18 अक्तूबर को दिन में एक बजे आयोजित आम सभा की बैठक के दौरान निवर्तमान कार्यकारिणी और एल्डर कमेटी के सदस्यों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर सदस्यता से निलंबित कर दिया था। घटना के दूसरे दिन दोनों पक्षों ने तहरीर देकर एक दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। एल्डर कमेटी के चेयरमैन शशि प्रकाश सिंह ने मुख्य न्यायमूर्ति को पत्र लिखकर घटना से अवगत कराया है तथा उनसे मुलाकात का समय देने के लिए अनुरोध किया है, ताकि पूरी घटना के संबंध में मुख्य न्यायाधीश को विस्तार से अवगत कराया जा सके।