प्रयाग संगम रेलवे स्टेशन के पास नाले में भरी गंदगी। अमर उजाला
नालों की सफाई को लेकर नगर निगम के अफसरों के दावों की सच्चाई देखनी है तो दारागंज स्थित प्रयागराज संगम स्टेशन से स्लूज गेट तक जाने वाले नाले को देखा जा सकता है। पूरा नाला चोक है। काफी पहले टेंडर हो चुका है, लेकिन पूरे नाले में कचरा भरा है। ऐसे में हल्की बारिश में भी जलभराव की आशंका बन गई है।
यह शहर के मुख्य नालों में से एक है। स्थिति यह है कि पूरा नाला ही कचरे में तब्दील हो गया है। इसमें प्लास्टिक की बोतलें, कपड़े, घर का मलबा भरा है। पार्षद विनय मिश्रा सिंटू का कहना है कि नगर आयुक्त के साथ अन्य संबंधित अफसरों से इसकी शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
टैगोरटाउन एवं जार्जटाउन में भी सीवर जाम होने की समस्या है। सीवरलाइन के निर्माण को लेकर भी शिकायतें हैं। मानसूनी बादल डरा रहे हैं। बारिश होने पर पूरे इलाके में जलभराव की गंभीर समस्या बनने की आशंका बन गई है। पार्षद आशीष द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को महापौर और नगर आयुक्त से इसकी शिकायत की। एक-दो दिनों में सुपर शॉकर मशीन लगाकर नाले की सफाई कराने की बात कही जा रही है।