हाईकोर्ट में चला चेकिंग अभियान
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
वाराणसी कचहरी में ग्रेेनेड मिलने की घटना के बाद राज्य में जिला अदालतों के साथ ही हाईकोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था का नए सिरे से जायजा लिया जा रहा है। सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने हाईकोर्ट की सुरक्षा स्थिति का निरीक्षण लिया। हाईकोर्ट के अंदर और बाहर सुरक्षा के लिए हुए इंतजामों को देखने के साथ ही जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा न्यायमूर्तियों के निवासों पर भी हिफाजत की व्यवस्था की जांच की गई।
आतंकी गुटों द्वारा जिला कचहरियों में बम धमाकों की घटनाओं के मद्देनजर अदालतों में नए सिरे से सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हाईकोर्ट में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए तमाम नए उपकरण लगाने के साथ ही कुछ नए निर्माण हो रहे हैं। वाराणसी कचहरी में ग्रेनेड मिलने की घटना के बाद सोमवार को एसएसपी केएस इमेनुएल ने एसपी सिटी राजेश यादव के साथ हाईकोर्ट में सुरक्षा स्थिति को परखा। उनके साथ हाईकोर्ट सुरक्षा के डिप्टी एसपी राजवीर सिंह और सीओ कर्नलगंज दुर्गा प्रसाद तिवारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने हाईकोर्ट परिसर में अंदर और बाहर सुरक्षा तैयारियों को देखा। वहां लगाए जा रहे नए उपकरण चेक किए और निर्माण कायों की कार्यदायी संस्था के लोगों से बात की। हाईकोर्ट में प्रवेश-निकासी के नए गेट भी देखे।
नए सुरक्षा इंतजामों के तहत गेट नंबर तीन बंद किया जाना है। प्रवेश के लिए नया गेट बनाया जा रहा है जहां से हर शख्स को भीतर जाने के लिए मेटल डिटेक्टर वाले गेट (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) से गुजरना होगा। पास आफिस को भी चेक किया साथ ही वहां सीसीटीवी कैमरों की जरूरत महसूस की गई। एसपी सिटी राजेश यादव ने हाईकोर्ट के आसपास वाहनों और खासतौर से दोपहिया गाड़ियों की चोरी रोकने के लिए उपायों पर विचार किया। तय हुआ कि वाहन पार्किंग पर कंट्रोल रूम के कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी। हाईकोर्ट में निरीक्षण के बाद एसएसपी और एसपी सिटी ने बेली रोड के निकट जजेज कॉलोनी में भी किए गए सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया।