दिवाली से पहले देश की पहली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है। ट्रेन पटना से नई दिल्ली के बीच चलेगी। इसका पंडित दीन दयाल उपाध्याय, प्रयागराज एवं कानपुर सेंट्रल पर ठहराव करने की तैयारी है। राजधानी एक्सप्रेस के मुकाबले इसका किराया 10 से 15 फीसदी तक ज्यादा हो सकता है। ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस के मुकाबले दिल्ली पहुंचने में समय थोड़ा कम भी लेगी।
स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को अधिकतम 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है। इसका ट्रायल रन पूरा हो चुका है। दिल्ली के शकूरबस्ती शेड में ट्रेन सेट भी पहुंच गया है। इसमें एसी थ्री, एसी टू एवं एसी फर्स्ट के कोच रहेंगे। ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे, ऑटोमेटिक डोर और फायर सेफ्टी सिस्टम के साथ सार्वजनिक उद्घोषणा के साथ विजुअल डिस्प्ले की भी सुविधा रहेगी।
स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को पटना से रात आठ बजे चलाने की तैयारी है। ट्रेन सुबह 7.30 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। राजधानी को दिल्ली पहुंचने में 12.30 घंटे का समय लगता है, जबकि स्लीपर वंदे भारत 11.40 घंटे में यह सफर पूरा कर सकती है। चर्चा है कि बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए दिवाली के पहले ही ट्रेन चलाई जा सकती है।