जिले में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण ने इस मिथक को ध्वस्त कर दिया है कि यह वायरस बुजुर्गों को ही अपना शिकार बनाता है। सोमवार को सामने आए मामलों में ज्यादातर युवा अथवा बच्चे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमण की जद में पहले ही आ चुके लोगों के सात पारिवारिक सदस्यों की रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई है। इसमें दायराशाह अजमल, नखास कोहना के 36 वर्षीय युवक की 10 वर्षीय बेटी, पालकी गेस्ट हाउस इलाके के पास रहने वाले व्यक्ति की 17 वर्षीय बेटी, झलवा के मित्र नगर के व्यक्ति के 67 वर्षीय पिता, 32 वर्षीय भाई और तीन वर्षीय बेटी शामिल है। झलवा के इस परिवार से अब तक कुल पांच लोग पॉजिटिव हो चुके हैं।
इसके साथ ही म्योर रोड और सुल्तानपुर भावा के दो युवक, बादशाही मंडी का 58 वर्षीय व्यक्ति, राजापुर उंचवागढ़ी का 39 वर्षीय युवक संक्रमित मिले हैं। इस युवक की बेटी पहले से ही पॉजिटिव है। इसी तरह नया पुरवा का 25 वर्षीय युवक, टैगोर टाउन की 24 वर्षीय युवती, खुशाल पर्वत का 33 वर्षीय युवक, कुशवाहा नगर शिवकुटी का 28 वर्षीय युवक पॉजिटिव आए हैं। सभी को एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बालिका गृह की छह बालिकाएं संक्रमित
बालिका गृह की तीन और बालिकाओं में कोरोना के संक्रमण मिले हैं। इससे पॉजिटिव आने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। इसके पहले तीन दिन पूर्व दो और एक दिन पहले एक बालिका की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बालिका गृह में बालिकाओं के पॉजिटिव आने से व्यवस्था के जिम्मेदार लोगों पर तमाम सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर बालिका गृह तक संक्रमण पहुंचा कैसे। जबकि अभी तक बालिका गृह का कोई कर्मचारी, अधिकारी संक्रमण के दायरे में नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर कहते हैं कि एक बालिका के संक्रमित होने से दूसरी बालिकाएं चपेट में आ गईं लेकिन प्राइमरी सोर्स के बारे में जानकारी नहीं है।