शहर में शनिवार से पथरचट्टीरामलीला कमेटी, पजावा रामलीला कमेटी सहित विभिन्न रामलीला कमेटियों की ओर से रामलीलाएं शुरू हो जाएंगी। पहले दिन मुकुट पूजन होगा इसके बाद 20 सितंबर को गणेश शोभायात्रा, कर्णघोड़ा जुलूस निकलेगा। इसके बाद हर दिन होने वाली लीलाओं का मंचन शुरू होगा। हालांकि दारागंज की रामलीला में मंचन रविवार से ही शुरू हो जाएगा।
पथरचट्टी, पजावा के अलावा कटरा, अलोपीबाग, बाघम्बरी क्षेत्र अल्लापुर, सिविल लाइंस एवं करेली रामलीला कमेटी की ओर से नवरात्र प्रतिपदा बृहस्पतिवार से रामलीला मंचन शुरू होगा। पथर चट्टी रामलीला कमेटी मुकुट पूजन के साथ दशहरा महोत्सव का संदेश देगी। प्रवक्ता लल्लू लाल गुप्त के मुताबिक हीवेट रोड स्थित राममंदिर में रात आठ बजे भगवान राम समेत चारों भाइयों के मुकुटों का पूजन होगा। कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश पाठक की अगुवाई में पदाधिकारियों द्वारा पूजा अर्चना होगी। मंदिर स्थित भगवान शिव एवं गणेश प्रतिमाओं का भी पूजन होगा। इसके बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो बादशाही मंडी स्थित जड़िया के आवास पर पहुंचकर समाप्त होगी।
दारागंज रामलीला कमेटी की ओर से मुकुट पूजन के साथ ही भगवान के वस्त्र एवं अस्त्र-शस्त्र का पूजन दारागंज स्थित बक्शी खुर्द स्थित कमेटी के शृंगार भवन में होगा। लीला संयोजक स्वामी शिवमंगल दास के निर्देशन में पुरोहित श्रवण कुमार दुबे विधिविधान से पूजन करेंगे। अध्यक्ष कुल्लु यादव की अगुवाई में महामंत्री जितेंद्र गौड़, मुन्ना आजाद, अखिलेश निराला, अरविंद पांडेय, रवि निषाद, हीरा यादव, विक्कू, संजय पाठक, राहुल, पच्चू, धर्मराज, तीर्थराज पांडेय आदि भव्य रामलीला आयोजन की तैयारियों में व्यस्त हैं।
पजावा रामलीला कमेटी की ओर से शाहगंज स्थित राममंदिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न का मुकुट पूजन होगा। पुजारी बाबा गोपाल दास के आचार्यत्व में पुरोहितों द्वारा वेदमंत्रों के साथ विधिविधान से पूजा, आरती होगी। मीडिया प्रभारी श्याम जी अग्रवाल के मुताबिक इसके पहले बच्चा जी की कोठी रानी मंडी से शोभायात्रा निकलेगी। कमेटी के पदाधिकारी शाम 6.30 बजे गाजे-बाजे के साथ चारो भाईयों का मुकुट लेकर चलेंगे। शोभायात्रा घंटाघर होते हुए राममंदिर पहुंचेगी।
श्री कटरा रामलीला कमेटी की ओर से शनिवार को लंकेश की शोभा यात्रा निकाली जाएगी। पूरे रास्ते राक्षसी सेना जादुई प्रदर्शन करते हुए चलेगी। हाथी पर चांदी के हौदे पर सवार होकर रावण चलेंगे जबकि रानी मंदोदरी, कुंभकर्ण, मेघनाद, विभीषण आदि चांदी की चौकियों पर विराजेंगे। यात्रा में लंकेश के दरबार एवं जीवन से जुड़ी चौकियां, रथ, हाथी, घोड़े, विजय ध्वज पताका संग शाही धुन बजाते पाइप बैंड चलेंगे। महामंत्री गोपाल बाबू जायसवाल के मुताबिक शोभायात्रा भारद्वाज आश्रम से शाम सात बजे से शुरू होगी। इसके पहले लंकेश वेद मंत्रों के साथ शिवार्चन करेंगे।