सुल्तानपुर से विदाई के बाद कौशाम्बी लौट रही एक बरात के साथ रही वधू लघुशंका का बहाना बनाकर वाहन से उतरी और अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस दौरान बराती करीब एक घंटे तक मऊआइमा फोरलेन हाईवे पर उसका इंतजार करते रहे। कौशाम्बी से एक बरात बृहस्पतिवार को सुल्तानपुर गई थी। वधू का किसी और से प्रेम प्रसंग था, जिसके चलते वह जयमाल और सात फेरों के लिए तैयार नहीं थी। हालांकि, परिजनों के दबाव में आकर वह तैयार हो गई, जिसके बाद सभी रस्में पूरी कराई गईं।
शुक्रवार को विदाई के समय भी वधू ने जमकर ड्रामा किया। हालांकि, समझा बुझाकर उसकी विदाई करा दी गई। वर-वधू कार से कौशाम्बी के लिए निकले और साथ ही अन्य बरातियों के वाहन भी चलते रहे। वर-वधू की कार मऊआइमा फोरलेन हाईवे स्थित गणेशगंज के पास पहुंची तो वधू ने लघुशंका की बात कही। इसपर वर ने एक बोतल में पानी देकर उसे थोड़ी दूर पर स्थित झाड़ियों की ओर भेज दिया। बताते हैं कि लघुशंका के बहाने गई वधू एक घंटे तक नहीं लौटी।