मुट्ठीगंज का शाहरुख अब पुलिस के लिए मोस्ट वांटेड बन गया है। शाहरुख के ही पोल्ट्री फार्म में पुलिस ने आईईडी बरामद की है। वह एटीएस के छापा मारने से पहले ही फरार हो गया था। न तो वह मुट्ठीगंज स्थित अपने घर पर मिला न ही किसी दोस्त या रिश्तेदार के घर। अंतिम बार वह सोमवार को रात करीब साढ़े नौ बजे अपने एक दोस्त के साथ नैनी के डांडी मकसूदाबाद स्थित पोल्ट्री फार्म पहुंचा था।
सीसीटीवी फुटेज में वह यहां तेरह मिनट तक था। शाहरुख अपने मौसा के यहां फार्म की चॉबी लेने के लिए उतारा था। इसके बाद शाहरुख और उसका दोस्त कार से एक झोला लेकर फार्म के अंदर गए। 13 मिनट बाद दोनों फार्म से खाली झोला लेकर वापस आए। शाहरुख कार में बैठने की जगह पैदल ही आगे बढ़ा। मौसा के यहां फार्म की चाबी देकर कार में बैठकर चला गया। आसपास के लोगों के मुताबिक बीते तीन माह से शाहरुख की गतिविधियां काफी संदिग्ध हो गईं थीं। पहले वह प्रतिदिन आता था।
बाद में वह कभी कभार अलग-अलग लड़कों के साथ आने लगा था। कभी कभी कई लड़के वहां आकर पार्टी करते थे। तीन महीने पहले उसने अपने मौसा के परिवार से कहा था कि वह जल्द ही पोल्ट्री फार्म को बंद कर देगा। उसने कोई कारण नहीं बताया था। शाहरुख के पोल्ट्री फार्म से आईईडी मिलने पर एटीएस के साथ जिला पुलिस भी शाहरुख को खोज रही है। मुट्ठीगंज स्थित उसके घर पर परिवार वालों से पूछताछ की गई।
दोस्तों से भी शाहरुख के बारे में पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन देर रात तक शाहरुख का कुछ पता नहीं चल पाया था। सीसीटीवी फुटेज में सोमवार की रात में शाहरुख के साथ मौजूद युवक के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है। सूत्रों के मुताबिक जिस कार से शाहरुख पहुंचा था, पुलिस को उसका नंबर मिल गया है। हालांकि इस बारे में अभी कोई भी अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पोल्ट्री फार्म के जिस कमरे से आईईडी बरामद हुई थी, उसे एटीएस ने सील कर दिया है।
तीन भाइयों में सबसे छोटा है शाहरुख
पोल्ट्री फार्म संचालक शाहरुख तीन भाइयों में सबसे छोटा है। उसके पिता अब्दुल अहद बैंक में कैशियर थे। दो बड़े भाई नौकरी करते हैं। एक दिल्ली में प्राइवेट जॉब में है तो दूसरा दिल्ली में नौकरी करता है। शाहरुख ने पोल्ट्री फार्म को खोलकर वहां धंधा शुरू किया, लेकिन कोरोना के कारण पिछले डेढ़ सालों से धंधा काफी घाटे में चल रहा था।
फार्म के अंदर लगा था सीसीटीवी कैमरा, लेकिन नहीं था कनेक्शन
नैनी। पोल्ट्री फार्म के अंदर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था, लेकिन कनेक्शन कटा हुआ था। कैमरा के अलावा और कुछ नहीं था। उसमें जो मेमोरी कार्ड लगता है, वह भी गायब था।
जांच करने पहुंची थी एलआईयू की टीम
एटीएस के छापे के बाद बुधवार को एलआईयू की टीम भी नैनी के डांडी मकसूदाबाद मोहल्ले में पहुंची। टीम ने पोल्ट्री फार्म को देखने के साथ ही वहां आसपास रहने वालों से पूछताछ की। टीम ने शाहरुख के मौसा के परिवार वालों से उसके बारे में पूछताछ की। किस-किस व्यक्ति के घर में शाहरुख का आना जाना था, उन सबके नाम और नंबर टीम ने नोट किए।