स्वामी नारायण मंदिर प्रयागराज का अतिथि भवन धराशायी।
- फोटो : अमर उजाला।
जॉर्ज टाउन के महात्मा गांधी मार्ग पर स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला अतिथि गृह ढहने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। होटल निर्माण के लिए बेसमेंट की खुदाई के दौरान मंदिर की दीवार गिरने पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने होटल मालिक समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पीडीए की प्रारंभिक जांच में बेसमेंट की खुदाई के दौरान मानकों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई है।
पीडीए के देवेंद्र कुमार मिश्र के मुताबिक, महात्मा गांधी मार्ग स्थित पुराने नंबर 50 और नए नंबर 246/62 के भूखंड पर शिवम चौहान, प्रताप चौहान और नम्रता चौहान के नाम से दो बेसमेंट, भूतल और नौ मंजिल के होटल का मानचित्र स्वीकृत है। स्वीकृति के बाद यहां पहले बेसमेंट की खुदाई का काम शुरू किया गया था। पीडीए के मुताबिक होटल की साइट से सटा पुराना मंदिर है। मंदिर की नींव और दीवारें पहले से कमजोर थीं।
मंदिर के पुजारी कमलेश और होटल मालिक शिवम चौहान के बीच दीवार हटाकर मंदिर को दोबारा बनाने को लेकर समझौता भी हुआ था। आरोप है कि दीवार हटाने से पहले ही बेसमेंट की खुदाई के दौरान बरसात का पानी भर गया और शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे पुरानी मंदिर की दीवार गिर गई। पीडीए ने प्रथम दृष्टया बेसमेंट की खुदाई में मानकों का पालन नहीं किए जाने को इसकी वजह माना है। जॉर्ज टाउन थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि पीडीए की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।