सराय ममरेज थाना क्षेत्र के भदारी गांव में बृहस्पतिवार देर रात 16 वर्षीय किशोर शुभम का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। मृतक के पिता ने गांव के तीन युवकों पर लगातार मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भदारी निवासी बिंदु शेखर के 16 वर्षीय इकलौते बेटे शुभम का शव बृहस्पतिवार देर रात घर से कुछ दूर स्थित आम के बाग में पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शुभम के पिता बिंद शेखर का आरोप है कि गांव के आंशू द्विवेदी, आकाश द्विवेदी और आशीष द्विवेदी पिछले तीन दिनों से उनके बेटे से मारपीट करने के साथ उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
उनका कहना है कि बृहस्पतिवार को भी आरोपियों ने शुभम के साथ मारपीट की थी। इसके बाद देर रात उसका शव आम के बाग में फंदे से लटका मिला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आंशू द्विवेदी, आकाश द्विवेदी और आशीष द्विवेदी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना को लेकर गांव के दो पक्षों में तनाव की स्थिति है।
पुलिस पर अभद्रता का आरोप, सिपाहियों पर एफआईआर
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बृहस्पतिवार रात को घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सराय ममरेज थाना पुलिस ने शुभम की मां से अभद्र व्यवहार किया। पिता बिंद शेखर ने थाने के राज कुमार, राम आसरे और एक अन्य सिपाही पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी सिपाहियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है।
मृतक शुभम एवं रोते बिलखते परिजनों की फोटो प्रतापपुर- फोटो : संवाद