प्रयागराज। तकनीक के आंगन ट्रिपलआईटी में महिलाओं ने नृत्य-गीत की प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। तीजोत्सव के मौके पर मैत्री क्लब की महिला सदस्यों ने मेहंदी प्रतियोगिता, फैशन शो और सिंधारा उत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाई। इस मौके पर तीज पकाए जाने वाले पकवान भी परोसे गए।
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) के झलवा परिसर में शनिवार शाम आयोजित तीजोत्सव में महिला सदस्यों ने मेहंदी, फैशन शो में बढ़ चढ़ कर सहभागिता की फिर नृत्य-गीत की पारंपरिक प्रस्तुतियों खूब वाहवाही बटोरी।
लक्ष्मी भूषण की अध्यक्षता और मैत्री क्लब की समन्वयक प्रभा वर्मा के साथ सदस्य वैशाली श्रीवास्तव, आकांक्षा सिह, वीणा सिंह के संयोजकत्व में महिलाओं ने तीजोत्सव कार्यक्रम मनाया। लक्ष्मी भूषण और प्रभा वर्मा ने बताया कि महिलाओं के मैत्री क्लब का गठन साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए किया गया है। यह क्लब महिलाओं की प्रतिभाओं को मंच भी प्रदान करता है।