फर्जी अभिलेखों से बना शिक्षक, भेजा जेल
वर्ष 2013 में पाई थी नौकरी और 2017 में किया गया था बर्खास्त
प्रतापगढ़ के बाघराय का रहने वाला है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
कड़ा। अभिलेखों में हेराफेरी कर शिक्षा विभाग में अध्यापक की नौकरी हासिल करने वाले युवक को कड़ा धाम कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शिक्षक को वर्ष 2017 में बर्खास्त किया गया था। मामले में एबीएसए ने कड़ा कोतवाली में फर्जीवाड़े की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रतापगढ़ जिले के बाघराय कोतवाली अंतर्गत रायपुर उसरापर निवासी शिवकुमार पटेल पुत्र स्व. बिंदेश्वरी प्रसाद ने फर्जी अभिलेखों के सहारे वर्ष 2013 में शिक्षक की नौकरी पा ली थी। शिवकुमार की तैनाती कड़ा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय निजाम का पूरा में सहायक अध्यापक के रूप में हुई। विभाग ने शिवकुमार के अभिलेखों की जांच कराई तो वह फर्जी निकले। स्पष्टीकरण जारी करने के बाद भी शिवकुमार संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर शिवकुमार को 14 अगस्त 2017 को बर्खास्त कर दिया गया। शिवकुमार के वेतन रिकवरी का भी आदेश दिया गया। इस मामले में वर्ष 2018 में शिवकुमार के खिलाफ कड़ा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रविवार की भोर अलीपुरजीता चौकी प्रभारी ओमनारायण गौतम ने शिवकुमार को देवीगंज से गिरफ्तार कर लिया।