prayagraj news : लेटे हनुमान मंदिर की आरती करते महंत नरेंद्र गिरी।
- फोटो : prayagraj
जयंती पर शुक्रवार को शहर के हनुमान मंदिरों को रंग-बिरंगे फूलों, हरी पत्तियों से भव्य सजाया गया। रामभक्त हनुमान की प्रतिमाओं की मोहक झांकियां सजाई गईं। कहीं छप्पन भोग अर्पित किया गया तो कहीं सामाजिक दूरी का पालन करते हुए संगीतमय प्रस्तुतियां की गईं। देर रात तक मंदिरों में झांकी दर्शन का दौर चला। आरती उतार कर हनुमान जी से कोरोना से मुक्ति के लिए प्रार्थना की गई।
prayagraj news : लेटे हनुमान जी की आरती उतारते महंत नरेंद्र गिरी।
- फोटो : prayagraj
हनुमान मंदिर की फूलों, रंगों और पताकाओं से सजावट कर संतों-भक्तों ने जयंती के क्षणों को यादगार बनाया। सुबह से ही मंदिर की सजावट शुरू हो गई। गेंदा, गुलाब, बेला, चमेली और अपराजिता के अलावा अन्य फूलों, हरी पत्तियों से दरबार को चुन-चुन कर सजाया गया। संगम स्थित बड़े हनुमान के अभिषेक के बाद श्राम को अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व मंदिर के महंत नरेंद्र गिरि महाराज ने सुंदरकांड का पाठ किया।
prayagraj news : लेटे हनुमानजी।
- फोटो : prayagraj
रात आठ बजे बड़े हनुमान की महाआरती उतारी गई। इस दौरान छप्पन भोग अर्पित किया गया। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ संतों, पुजारियों और भक्तों ने बड़े हनुमान से कोरोना महामारी के खात्मे के लिए प्रार्थना की। महंत नरेंद्र गिरि ने बताया कि हनुमान जी ज्ञान,भक्ति वैराग्य के प्रतीक हैं। ऐसे में उनसे कोरोना संक्रमण को दूर करने की प्रार्थना विशेष रूप से की गई।
हनुमान जी करेंगे संकटों का नाश: गणेश केसरवानी
हनुमान जयंती पर शुक्रवार को मोहम्मद अली पार्क स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर में सुंदरकांड संगीतमय पाठ कर लोक मंगल की कामना की गई। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने आरती उतारी। साथ ही कोरोना संक्रमण के संकट को दूर करने की कामना की। उन्होंने कहा कि हनुमान जी महाराज की आराधना से मनुष्य के जीवन में आए सभी संकटों का नाश होता है। इस मौकेपर समिति के अध्यक्ष कृष्ण भगवान केसरवानी, रामजी केसरवानी, विजय अरोरा, सतीश चंद्र केसरवानी, राजेश केसरवानी, दिनेश सिंह, साईं सरदार, विवेक अग्रवाल, प्रमिल केसरवानी समेत कई भक्त उपस्थित थे।
prayagraj news : हनुमत निकेतन, सिविल लाइंस, प्रयागराज।
- फोटो : prayagraj
इसी तरह सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन में भी भव्य झांकी की सजावट की गई। मंदिर के प्रबंधक पं सच्चिदानंद मिश्र बच्चा भैया की मौजूदगी में आरती, पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। आम भक्तों के लिए मंदिर रात 12 बजे तक खुला रहा। हाईकोर्ट के पास स्थित न्यायविद हनुमान मंदिर भी गुलजार रहा। मरम्मत कार्य होने के बावजूद सुबह से ही श्रद्धालु दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंचने लगे।
यहां सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखा गया। इसी तरह सीडीए पेंशन दफ्तर के पास बिंदु माधव परिसर में लेटे हनुमान की मोह झांकी सजाई गई। महंत भैरो शरण पांडेय के नेतृत्व में भक्तों ने लेटे हनुमान का दरबार सजाया। लोक कल्याण की कामना से सुंदरकांड का पाठ किया गया। शहर के अन्य हनुमत मंदिरों में भी झांकियां सजाई गईं और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ भक्तों ने जयकारे लगाए।