देश में निर्मित पहली स्वदेशी सेमी हाई स्पीड टी-18 ट्रेन का स्पीड ट्रायल होने के बाद इसके शीघ्र ही शुरू होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ट्रेन का संचालन दिल्ली से वाराणसी के बीच इलाहाबाद जंक्शन के रास्ते होगा। अभी इस ट्रेन के प्रस्तावित रूट में दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-प्रयाग-वाराणसी है। क्योंकि इस पूरे रूट का विद्युतीकरण है। बताया जा रहा है कि इलाहाबाद सिटी-मंडुवाडीह रूट का विद्युतीकरण होने के बाद इस ट्रेन का संचालन इसी रास्ते होगा।
टी-18 के अब तक कुल चार ट्रायल हो चुके हैं। इसमें दो ट्रायल उत्तर मध्य रेलवे जोन के आगरा एवं इलाहाबाद मंडल में दस दिनों के अंतराल में हुए। आगरा मंडल में ट्रेन अधिकतम 181 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ी। जबकि 29 दिसंबर को दिल्ली से इलाहाबाद के बीच इसकी रफ्तार 130 किमी प्रतिघंटा रही। दिल्ली से वाराणसी की दूरी टी-18 को आठ घंटे में तय करनी है। अभी इसके दिल्ली से चलने का समय सुबह छह बजे का प्रस्तावित है। जो दिन में 12.25 बजे इलाहाबाद एवं अपराह्न दो बजे वाराणसी पहुंचेंगी।
वापसी में वाराणसी से दिन में 2.30 बजे चलने के बाद शाम चार बजे के आसपास इलाहाबाद एवं रात 10.30 बजे ट्रेन दिल्ली पहुंच जाएगी। जंक्शन से प्रयाग के रास्ते अभी इसका संचालन किया जाएगा। हालांकि इलाहाबाद सिटी स्टेशन के मुकाबले यह रूट लंबा है। उधर मंडुवाडीह से जंक्शन के बीच रेल विकास निगम लिमिटेड की ओर से विद्युतीकरण का काम किया जा रहा है। जो कुंभ मेला के बाद पूरा हो जाएगा। बताया जा रहा है कि टी-18 ट्रेन से प्रवासी भारतीयों को दिल्ली से लाने एवं वहां भेजने की भी रेलवे द्वारा तैयारी की जा रही है।