कई राज्यों में हो रहे चुनावी समर के बीच ज्योतिष एवं द्वारका शारदापीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने पीएम मोदी और उनकी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने शौचालय के जरिए पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का खुलकर मजाक उड़ाया तो नोटबंदी के फैसले को भी पूरी तरह देश विरोधी करार दिया। मोदी की खबरें दिखाए जाने के मामले में मीडिया पर भी पक्षपात का आरोप लगाया। महिलाओं के प्रति हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, उन्हें आत्मरक्षा के तरीके जानने होंगे।
मनकामेश्वर मंदिर में प्रवास के दौरान शंकराचार्य ने भ्रष्टाचार, आतंकवाद, गोमांस निर्यात, गंगा की हालत और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण पर भी पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। कहा, केंद्र सरकार अनाप. शनाप टैक्स लगा रही है। युवा नशे की गिरफ्त में हैं जबकि सरकार राजस्व बढ़ाने के लिए नशीले पदार्थों पर कोई रोक नहीं लगा रही है। योजनाबद्ध तरीके से ड्रग्स बाहर से आ रहे और शराब बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री युवाओं को अपनी ताकत तो बताते हैं लेकिन उन्हें नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने की कोई कोशिश नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, युवा और किशोर तेजी से नशे की जद में आते जा रहे हैं। इसकी लत युवाओं को हिंसक बना रही है तो दूसरी ओर रिश्तों का ताना-बाना भी बिखर रहा है। नशे के कारोबार के साथ महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं भी बढ़ी हैं। चीन के लोग खासकर युवा अफीम के आदी थे। चीन की हैसियत जापान के आगे कुछ भी नहीं रह गई थी लेकिन नशे पर प्रतिबंध लगाने के कई वर्षों के भीतर ही चीन विश्व की महाशक्तियों में शामिल हो गया। नशे का आदी युवा देश की ताकत नहीं बन सकता है। जहां तक बेरोजगारी दूर करने की बात है, इसके लिए ठोस उपाय करने होंगे। देश की जनता को मोदी भक्त होने के बजाए देशभक्त होना होगा।