इस अवसर पर एकनाथ पीठ के आचार्य जितेंद्रनाथ ने कहा, हिंदू धर्म संस्कृति की जड़ें इतनी गहरी हैं कि उसको कोई आक्रांता समाप्त नहीं कर सकता। भारत की पूरी दुनिया में पहचान शांति और धर्म के प्रेरक के रूप में है। धर्म संस्कृति के नाम पर हमारा जो समाज किसी कालखंड में हमसे दूर हुआ उन्हें मुख्यधारा में लाने का कार्य हमको करना है । स्वामी घनश्यामाचार्य ने कहा कि जागृत एवं समर्थ हिंदू दुनिया में अग्रणी होगा। विश्व की मंगल कामना इसी बिंदु पर निर्भर करती है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सच्चा बाबा आश्रम के महंत स्वामी गोपाल जी महाराज ने कहा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में जन-जन ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। बाबा अमरनाथ की यात्रा की कठिनाई को दूर करने में भी हमारी एकता काम आई, रामसेतु की रक्षा करने में भी हिंदू समाज सफल रहा। अब समरसता जैसे मुद्दे पर भी हमें प्रयास करना होगा। ऐसा करेंगे तभी काशी और मथुरा में सफल होंगे।
उन्होंने कहा कि लव जिहाद जैसी समस्या का समाधान तभी होगा जब हिंदू समाज पूर्ण रूप से जागृत हो। कार्यक्रम का संचालन प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय संत संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी, आचार्य जमुना पुरी जी महाराज, ओंकार गिरि, स्वामी नारायण दास, चंद्र भूषण दास, राम प्रपन्नाचार्य, हरिशंकर, विमल प्रकाश, नितिन, अमित पाठक, आनंद शंकर दुबे, सुरेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।