स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमले के खतरे चलते शहर और रेलवे स्टेशनों पर खासी चौकसी बरती जा रही है। जंक्शन स्टेशन पर शनिवार शाम प्लेटफार्म पर संदिग्ध बम मिलने से खलबली मच गई। यात्रियों को जहां-तहां रोकने के बाद संदिग्ध पैकेट की घेराबंदी कर बम डिस्पोजल स्कवॉयड बुलाया गया तो पता चला कि उसमें लोहे के पुर्जे है। जीआरपी ने मुस्तैदी परखने के लिए यह मॉक ड्रिल किया था। इसके बाद आधी रात तक प्रमुख ट्रेनों की चेकिंग की जाती रही। बीडीएस के साथ स्निफर डॉग को भीलेकर आरपीएफ और जीआरपी ने तलाशी ली।
एसपी जीआरपी केपी सिंह ने जीआरपी और आरपीएप की तत्परता तथा दूसरे विभागों से सामंजस्य को परखने के लिए शनिवार शाम मॉक ड्रिल कराया। इसके तहत प्लेटफार्म नंबर एक पर पासर्ल घर के बाहर एक पैकेट रखवाकर एसपी रेलवे ने बम की खबर फैला दी। सूचना मिलते ही सीओ रेलवे मोनिका चड्ढा वहा पहुंच गई। जीआरपी थाना प्रभारी मनोज सिंह तथा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी पीके राणा ने पांच टीम बनाकर सक्रिय कर दिया।
सभी गेेटों से यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही स्टेशन मास्टर और आरपीएफ कमांडेंट को इत्तला दी गई। बम डिस्पोजल स्कवॉयड की टीम ने संदिग्ध पैकेट को घेरकर पूरी सावधानी के साथ चेक किया तो उसमें लोहे के पुर्जे मिले। मॉक ड्रिल के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने रात में प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस और महाबोधी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में स्निफर डॉग के साथ संदिग्ध लोगों और बैगों की तलाशी ली। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के साथ ही शहर में भी रात में होटलों, गेस्टहाऊस, धर्मशालाओं तथा ढाबों में जाकर पुलिस टीम ने चेकिंग की।