Survey started for Prayagraj-Meerut Ganga Expressway
प्रयागराज-मेरठ गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए सर्वे आरंभ
मेरठ- मुरादाबाद-बरेली के बाहर से होकर गुजरेगा सात सौ किमी लंबा एक्सप्रेस-वे
प्रयागराज। मेरठ से प्रयागराज के बीच सात सौ किमी लंबे गंगा एक्सप्रेस- वे परियोजना के लिए शनिवार को सर्वे आरंभ हो गया। यह एक्सप्रेस -वे प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, हरदोई से होकर गुजरेगा। सर्वे टीम पांच सितंबर को बरेली पहुंचेगी। अगले दिन मुरादाबाद और मेरठ में सर्वे होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने शनिवार को सर्वे शुरू करा दिया। नोडल एजेंसी औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर से सर्वे कराया जा रहा है। प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार कराने के साथ ही तकनीकी परामर्श भी यूपीडा के ही विशेषज्ञों से लिया जाएगा।
सर्वे टीम एक्सप्रेस -वे परियोजना में आने वाले गांव, भूमि और खेतों का ब्योरा तैयार कर अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार करेगी। इसके बाद एक्सप्रेस-वे के लिए प्रस्तावित भूमि किसानों से खरीदी जाएगी। सर्वे के साथ परियोजना से प्रभावित होने वाले किसानों का ब्योरा भी जुटाया जाएगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने संबंधित जिलों के डीएम को सर्वे टीम को राजस्व अधिकारियों के स्तर इसके लिए सभी जरूरी जानकारी और रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।