डीजल, पेट्रोल के दाम में हो रही वृद्धि के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को सिविल लाइंस स्थित चौराहे पर अनूठा प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाइयों ने भीख मांगकर केंद्र एवं सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके अलावा सपा एमएलसी बासुदेव यादव ने कहा कि पार्टी द्वारा जारी पत्रिका आह्वान का वितरण शुरू किया। इस पत्रिका का वितरण शहर के तमाम स्थानों पर किया गया।
सुभाष चौराहे पर सपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप यादव के साथ सपाई जमीन पर बैठ गए। इस दौरान हाथ में कटोरा और पोस्टर लेकर सपाइयों ने भीख मांगकर भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया। सपाइयों के हाथ में डीजल-पेट्रोल के दाम घटाने, 20 लाख करोड़ को जमीनी हकीकत में बदलने, नौजवानों को रोजगार देने, कानून व्यवस्था में सुधार लाने, देश की सीमाएं सुरक्षित रखने आदि के पोस्टर थे।
प्रदर्शन के दौरान संदीप यादव ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान लोगों को राहत देने की बजाय सरकार हर रोज पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही है। प्रदर्शन के दौरान दान बहादुर मधुर, कुलदीप यादव, रणधीर यादव, संदेश यादव, मिथुन साहू, रवि यादव, दादू यादव आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर विधान परिषद सदस्य बासुदेव यादव द्वारा आह्वान पत्रिका का वितरण शुरू करवाया गया।
जार्जटाउन स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में बासुदेव यादव ने कहा कि भाजपा शासन में समाज का हर तबका परेशान है। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान पत्रिका को घर-घर पहुंचाने को कहा। कार्यक्रम में राम आसरे पाल, राकेश वर्मा, शिवशंकर वर्मा, निधि यादव, रविंद यादव, महेश शर्मा, दिनेश प्रजापति, राजेश कुमार, अभिषेक कनौजिया आदि मौजूद रहे।