दिन में धूप के बाद शाम को आसमान में मेघ छाए और जमकर बरसे। सड़कें पानी से लबालब हो गईं। गड्ढे पानी में छिप गए। बारिश ने उमस से राहत तो दी लेकिन कई मोहल्लों में पानी भरने से मुश्किलें बढ़ गईं। सबसे खराब स्थिति जॉर्जटाउन व अल्लापुर की रही। यहां जल निकासी में छह से सात घंटे का वक्त लगा।
अल्लापुर के शिव नगर कॉलोनी, डडिया मार्ग, सोहबतियाबाग, रामानंद नगर, मटियारा रोड, बाघम्बरी गद्दी रोड व अमिताभ बच्चन रोड पानी में जलमग्न रहीं। जिसे निकालने के लिए पंपिंग सेट में लगे सभी 15 पंप चालू करने पड़े। मगर स्लूज गेट बंद होने की वजह से जल निकासी काफी धीमी हो गई।
जॉर्जटाउन के चिंतामणि मार्ग, लिडिल रोड, चिंता मणि रोड व एसोसिएशन मार्ग पर घुटने तक पानी भर गया। पार्षद आकाश सोनकर ने कहा कि सीएम ग्रिड की सड़क निर्माण की वजह से जलभराव हो रहा है। निकासी के लिए 600 डाया की ह्यूम पाइप डाली गई है। जिस वजह से निकासी की गति धीमी है और पानी निकलने में आठ से 10 घंटे लग रहे हैं। उन्होंने जल निकासी के लिए वी सेफ की सड़कें बनाने के साथ किनारों पर नाले बनाने की मांग की है।
इसके अलावा कालिंदीपुरम में महर्षि रोड, जैन मंदिर, जाफरी कॉलोनी, पंजाब नेशनल बैंक के पीछे जलभराव हो गया। यही स्थिति रामबाग, अलोपीबाग, लीडर रोड, हाईकोर्ट पानी टंकी के पास, सुलेम सराय नेहरू पार्क, रेलवे मुख्यालय डाट पुल के नीचे, मुट्ठीगंज स्थित आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के पास रही।
जलमग्न हुए मुख्य मार्ग
चौफटका पुल के नीचे, महाराणा प्रताप चौराहा, सीएमपी डिग्री कॉलेज से मधवापुर सब्जी मंडी, मेडिकल चौराहा, बाई का बाग, पत्रिका मार्ग भी जलमग्न रहे। इसकी वजह से आवागमन बाधित रहा।
आज भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई है। हालांकि शनिवार, रविवार व सोमवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है।
मौसम
अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस
सूर्योदय 5.41
सूर्यास्त 6.28
वर्जन
शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे और बारिश होने के आसार हैं। -डॉ. शैलेष राय, मौसम विशेषज्ञ, इलाहाबाद विश्वविद्यालय।