मौसम की आंख मिचौली ने मुसीबत बढ़ा दी है। पारे में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को धूप निकली तो रात में तेज हवा के साथ गलन बढ़ गई। ठंड से कौंधियारा में एक किशोर और यमुना बैंक रोड में वृद्ध की मौत हो गई। गलन बढ़ने से रात में पाला पड़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में फसलों पर भी खतरा मंडरा रहा है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आसमान साफ होने के बाद शीत लहर का प्रकोप बढ़ेगा।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा तो सोमवार के मुकाबले दो डिग्री है। वहीं, न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम पारा 13.2 डिग्री रहा। दिन में धूप खिली लेकिन तेज और सर्द हवाओं ने राहत नहीं लेने दी। रात में गलत तेजी से बढ़ी। मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एसएस ओझा का कहना है कि कड़ाके की ठंड से राहत के लिए 15 जनवरी तक इंतजार करना पड़ सकता है। असमान साफ होते ही धूप तो खिली लेकिन इससे शीत लहर का प्रकोप बढ़ेगा। तेज हवाओं के साथ रात में गलन भी बढ़ेगी। ऐसे में पाला पड़ने की भी आशंका है।
उधर, ठंड से दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। कीडगंज थाना क्षेत्र में यमुनापार बैंक रोड पर एक वृद्ध का शव मिला, जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। वहीं, कौंधियारा थाना क्षेत्र के लेहबरा के रहने वाले नारायण उर्फ बबलू (16) पुत्र मंगला प्रसाद की सोमवार देर रात मौत हो गई। रात में नारायण खाना खाकर सोया। करीब 11 बजे उसने परिजनों को जगाकर बताया कि सीने में दर्द हो रहा है और कंपकंपी लग रही है। परिजन उसे अकोढ़ा स्थित निजी अस्पताल ले गए, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो चुकी थी।