अटेवा मंच ने जसराना विधायक को सौंपा ज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद जंक्शन पर रेलवे की गड़बड़ी से शनिवार को यात्रियों को खासी परेशानी हुई। हुआ यूं कि सुबह काफी संख्या में यात्री मुंबई रूट की गोदान एक्सप्रेस का प्लेटफार्म नंबर आठ पर इंतजार कर रहे थे। इसी बीच ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर आ गई। जंक्शन पर मौजूद रेलकर्मी भी गोदान एक्सप्रेस को नंबर एक पर आता देख हैरत में पड़ गए। बाद में गोदान को घंटे भर प्लेटफार्म पर रोका गया। इस मामले को डीआरएम एसके पंकज ने भी गंभीरता से लिया है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
लोकमान्य तिलक से गोरखपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 11055 गोदान एक्सप्रेस का इलाहाबाद आने का समय सुबह 9.50 बजे है। ट्रेन सुबह दस मिनट की देरी से चल रही थी। सुबह दस बजे ट्रेन अचानक प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंच गई, जबकि इसे आठ नंबर आना था। अचानक ट्रेन के नंबर एक पर पहुंचने से हड़कंप मच गया। गोदान का प्लेटफार्म बदले जाने का एनाउंसमेंट भी नहीं कराया गया। ट्रेन आने के बाद जब यात्रियों को मालूम पड़ा कि उसका प्लेटफार्म बदल गया है तो वे नंबर आठ से प्लेटफार्म नंबर एक की तरफ भागे। लाइन शाह बाबा ब्रिज मरम्मत की वजह से बंद था, इस वजह से यात्रियों को पहले स्मिथ रोड वाला नया फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पार करना पड़ा।
उसके बाद उन्हें एक दूसरे एफओबी पर चढ़ना पड़ा। तब कहीं जाकर गिरते पड़ते यात्री प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचे। इस बीच रेलवे को अपनी गलती का एहसास हुआ तो ट्रेन आने की सूचना प्रसारित की जाने लगी। प्लेटफार्म नंबर आठ से एक नंबर की दूरी ज्यादा होने की वजह से जंक्शन पर ट्रेन का 30 मिनट का और अतिरिक्त ठहराव करना पड़ा। जंक्शन पर ट्रेन का निर्धारित ठहराव 25 मिनट का है। अतिरिक्त ठहराव होने की वजह से गोदान तकरीबन घंटे भर जंक्शन पर रुकी। इस दौरान रेलवे की व्यवस्था को यात्री कोसते नजर आए। सूचना पाकर सीनियर डीओएम भी जंक्शन पहुंच गए। इस बारे में एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल का कहना है कि जिस प्लेटफार्म पर गोदान को आना था उसका प्वाइंट खराब था। इस वजह से उसका प्लेटफार्म बदला गया। हालांकि बाद में इसका एनाउंसमेंट करवाया गया था।
‘मामला गंभीर है। प्रथम दृष्टया परिचालन विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हो रही है। सोमवार को दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’
एसके पंकज, डीआरएम, इलाहाबाद।