प्रयागराज में गंगा स्नान कर रीवा लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहन को बृहस्पतिवार को घूरपुर थाने के एक दरोगा ने सादी वर्दी में अपनी कार से ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि दरोगा ने वाहन की चाबी निकाल ली, जिससे हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा।
विज्ञापन
चालक ने बताया कि दरोगा ने वाहन चालक को थाने चलने को कहा। चालक के सवाल पूछने पर दरोगा भड़क गया और चाबी निकालकर चला गया। गौहनिया से घूरपुर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों की शिकायत पर पुलिस जाम छुड़वाने पहुंची। पुलिस के कहने पर एक घंटे बाद दरोगा वर्दी में लौटा और चाबी वापस की।
आरोपी दरोगा आशुतोष विक्रम सिंह ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर गैर सवारी वाहन पर सवारी बैठाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। दरोगा ने बताया कि चालक ने थाने चलने से मना कर रहा था, इसलिए चाबी निकाली। बिना वर्दी के वाहन रोकने पर उन्होंने कहा कि उनकी वर्दी भीग गई थी। एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि वाहन पहले इरादतगंज में चेकिंग के दौरान नहीं रुका था। उन्होंने कहा कि बिना वर्दी के प्राइवेट वाहन से पीछा कर किसी वाहन को पकड़ना ठीक नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।