इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संबद्ध महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव अक्तूबर के मध्य में कराए जाएंगे। शुक्रवार को इविवि प्रशासन और पुलिस अफसरों के बीच हुई बैठक में छात्रसंघ चुनाव का प्रस्तावित कार्यक्रम तैयार कर लिया गया। इसके बाद डीएम और एसएसपी के साथ बैठक की जाएगी ताकि चुनाव कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी मिल सके। अगर कोई बाधा नहीं आई तो तीन अक्तूबर से चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
हालांकि इससे पहले भी इविवि प्रशासन और पुलिस अफसरों के बीच हुई बैठक में चुनाव कार्यक्रम पर चर्चा की जा चुकी है। तब तय हुआ था कि चुनाव सितंबर के आखिरी या अक्तूबर के पहले हफ्ते में कराए जाएंगे। शुक्रवार को हुई बैठक में तय हुआ कि तीन अक्तूबर से चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाए और 14 या 15 अक्तूबर को मतदान करा दिया जाए। अब इस प्रस्तावित कार्यक्रम को डीएम और एसएससी के समक्ष रखा जाएगा ताकि इसे अंतिम मंजूरी मिल सके। बैठक में यह चर्चा भी हुई के माहौल ठीक होने पर ही चुनाव कराए जाएंगे। बैठक में चुनाव अधिकारी प्रो. आरके सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे, डीएसडब्ल्यू प्रो. आरकेपी सिंह, सीओ चतुर्थ आलोक मिश्र आदि मौजूद रहे।
छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने यूनियन हाल की चाबी इविवि प्रशासन को सौंप दी है। सभी पदाधिकारियों के कमरों पर अब इविवि प्रशासन का ताला लग गया है। शुक्रवार को चुनाव को लेकर हुई बैठक के बाद चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे, डीएसडब्ल्यू प्रो. आरकेपी सिंह एवं अन्य अफसरों ने यूनियन हाल का निरीक्षण भी किया। चुनाव के बाद नए पदाधिकारियों को यूनियन हाल की चाबी दी जाएगी।
छात्रसंघ चुनाव करीब आते ही इविवि परिसर में अराजक तत्वों को जमावड़ा शुरू हो गया है और आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। इसे देखते हुए इविवि प्रशासन ने सोमवार को परिसर में जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस दौरान देखा छात्रों के आईकार्ड भी चेक किए जाएंगे। इसके साथ ही छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्वक कराए जाने के उद्देश्य से कक्षाओं में जाकर भी संवाद किया जाएगा।