दिशा छात्र संगठन और नौजवान भारत सभा की ओर से बुधवार को छोटा बघाड़ा एवं चैथम लाइन के पास लॉकडाउन में फंसे जरूरतमंद मजदूर परिवारों को राशन वितरण किया गया। साथ ही अल्लापुर में प्रतियोगी छात्रों को राशन दिया गया।
राशन वितरण में शामिल अमित, अविनाश, प्रसेन, महाप्रसाद, शिवा, नीशु ने कहा कि सरकारी राशन वितरण की सुविधाएं भी इन बस्तियों के लोगों को नहीं मिल पा रही हैं। ऐसे में छात्र संगठनों को मदद के लिए आगे आना पड़ा। वहीं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मुंडेरा मंडी के पास दिहाड़ी मजदूरों एवं काम करने वाली महिलाओं को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह ने राहत सामग्री का वितरण किया। दूसरी ओर समाजवादी छात्रसभा की ओर से हॉस्टलों में छात्रों और कुछ अन्य इलाकों में दिहाड़ी मजदूरों को भोजन के पैकेट बांटे गए।
समाजवादी छात्रसभा के अविनाश विद्यार्थी और अखिलेश गुप्ता गुड्डू ने कहा कि जब तक भारत में लॉक डाउन रहेगा, छात्रों और मजदूर परिवारों के लिए समाजवादी किचन का संचालन भी जारी रहेगा। इसके अलावा अधिवक्ता राजन सोनकर, इविवि के छात्र आर्यन प्रताप सिंह, शिवा केसरवानी, जय निषाद ने दारागंज एवं संगम क्षेत्र में भोजन का वितरण किया।