प्रयागराज। छात्रसंघ बहाली और छात्र परिषद के गठन संबंधी निर्णय को वापस लेने की मांग कर रहे छात्रों ने सोमवार को नारेबाजी करते हुए धरना दिया। इविवि परिसर में धरनारत छात्रों ने छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव समेत सभी निलंबित छात्रों पर हुई कार्रवाई को वापस लेने की मांग उठाई।
धरनास्थल पर वक्ताओं ने इविवि परिसर को अराजकता से मुक्त करने, छात्रसंघ का पुराना स्वरूप बहाल करने, शिक्षकों की नियुक्ति, सभी मेस, डेलेगेसी के छात्रों को किराया भत्ता दिया जाए। इस मौके पूर्व महामंत्री सुरेश यादव, पूर्व अध्यक्ष अवनीश यादव, निवर्तमान उपमंत्री सत्यम सिंह सैनी ने अपना समर्थन देने का एलान किया। वक्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।
सामाजिक न्याय मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज यादव व राकेश कुमार ने कहा कि छात्र समस्याओं को लेकर छात्रसंघ पदाधिकारी के पास जाता है और विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार छात्र नेताओं व छात्रों का निलंबन निष्कासन कर उनका जीवन बर्बाद करने पर लगा है। एनएसयूआई के विवेकानंद पाठक, जितेश मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन संवादहीनता की स्थिति पैदा कर समस्याएं बढ़ा रहा है। धरना में सूरज कुमार बौद्ध, अविनाश विद्यार्थी, जितेंद्र धनराज, दुर्गेश प्रताप सिंह, निशांत रस्तोगी, अजय सम्राट, हिमांशु शुक्ला, शशांक शमा, विपिन बिक्कू, सत्यम कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।