केंद्रीय सुरक्षा बलों में सिपाही भर्ती 2015 में नक्सल प्रभावित क्षेत्र के अभ्यर्थी होने के बाद भी आवेदन में उल्लेख नहीं करने पर लाभ से वंचित अभ्यर्थियों ने सोमवार को कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) मध्य क्षेत्र का घेराव किया। अभ्यर्थियों ने निदेशक को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि वे नक्सल प्रभावित क्षेत्र से हैं और आवेदन के समय विकल्प नहीं होने के कारण वे अवसर से वंचित हो गए थे।
अभ्यर्थियों ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद आयोग ने इसमें संशोधन करके नक्सल क्षेत्र का विकल्प भरने को कहा था, लेकिन बहुत से अभ्यर्थी संशोधन नहीं कर पाए। ऐसे में अभ्यर्थी नौकरी के अवसर से वंचित हो गए हैं। उन्होंने अवसर की मांग की है। एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक जेपी गर्ग ने आयोग पहुंचे अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि वह इस संबंध में अपनी शिकायत दें, उसे एसएससी मुख्यालय भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय मुख्यालय लेगा।