इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के वीसी ने कहा कि वे इस्तीफा देने को हैं तैयार
इलाहाबाद। इलहाबाद विश्वविद्यालय में निलंबित एवं निष्काषित छात्र-छात्राएं रक्षाबंधन के अवकाश के बाद कुलपति के खिलाफ नए सिरे से आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं। निलंबन के खिलाफ छात्रसंघ भवन पर क्रमिक अनशन करने वाले छात्रों का कहना है कि अब परिसर के अंदर छात्रों को जागरूक करने के साथ, उन्हें कुलपति के खिलाफ आंदोलन के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए विभागों में चलने वाली कक्षा में जाकर छात्रों को कुलपति की मनमानी की जानकारी दी जाएगी।
इविवि के छात्रों ने विश्वविद्यालय बचाओ-भविष्य बचाओ शीर्षक से एक पर्चा परिसर में छात्रों के बीच बांटकर विवि चल रही अनियमितता, भ्रष्टाचार, छात्रों के उत्पीड़न, फीस वृद्घि, शिक्षक भर्ती में धांधली एवं कुलपति के तानाशाहीपूर्ण रवैये के खिलाफ एकजुट होने की मांग की है। छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह ने गत दिनों मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय को भी ज्ञापन देकर कुलपति की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की थी। छात्रों को उम्मीद है कि उनकी मांगों को केंद्र सरकार अवश्य संज्ञान में लेगी और परिसर की अराजकता खत्म होगी। छात्रों ने शिक्षक भर्ती की स्क्रीनिंग में हो रही मनमानी पर रोक लगाने के लिए आंदोलन की चेतावनी दी है।