Student died in road accident at Dhoomanganj
- फोटो : CITY DESK
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, साथी गंभीर
प्रयागराज। धूमनगंज के पोंगहट पुल के पास दोस्त के साथ एसएससी सीजीएल की परीक्षा देने जा रहे शिवम सिंह(22)की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुखद यह कि आठ साल पहले उसके माता-पिता की भी सड़क हादसे में ही जान चली गई थी। मंगलवार को हुए हादसे में मृतक का साथी हिमांशु गंभीर रूप से जख्मी हुआ है जिसे एसआरएन में भर्ती कराया गया है।
शिवम मूलत: मोहम्मदनपुर नवाबगंज का रहने वाला था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। मंगलवार को उसे एसएससी सीजीएल परीक्षा में शामिल होना था। जिसके लिए वह सुबह नौ बजे के करीब स्कूटी से गाजीपुर निवासी दोस्त हिमांशु के साथ बम्हरौली स्थित परीक्षा केंद्र पर जा रहा था। अभी वह पोंगहट पुल के पास पहुंचा था कि हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी जिससे दोनों छिटककर दूर जा गिरे। शिवम की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल हिमंाशु को एसआरएन अस्पताल ले गई जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
तेलियरगंज में हुआ था हादसा
मर्चरी पहुंचे पजिरनों ने बताया कि शिवम के पिता जितेंद्र नाथ व मां की 2011 में तेलियरगंज में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उसके बाद से वह भाइयों शुभम, सुधांशु और बहनों प्रियंका व अंकिता के साथ औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले अपने मामा वीरेंद्र के साथ रहता था।