तीन दिन पहले दो छात्रों के बीच हुआ था झगड़ा, एक पक्ष ने दूसरे पर करवाया हमला
छह गिरफ्तार, दस बम भी बरामद
प्रयागराज। मेरी लूकस स्कूल के गेट पर मंगलवार की सुबह जमकर बमबाजी हुई। 11वीं में पढ़ने वाले एक छात्र को निशाना साधकर हमला किया गया था। छात्र ने स्कूल के अंदर घुसकर जान बचाई। बमबाजी से अफरातफरी मच गई। बाद में सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर छह छात्रों को पकड़ लिया गया और दस बरामद भी किए गए।
मेरी लूकस स्कूल में 11वीं में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच तीन दिन पहले स्कूल में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। दोनों नाबालिग हैं। मंगलवार को परीक्षा का आखिरी दिन था। एक छात्र ने उसी प्रकरण को लेकर कुछ बाहरी लड़कों को बुला लिया था। जिस छात्र से उस दिन झगड़ा हुआ था, वह जैसे ही गेट के बाहर निकला, उस पर बमबाजी शुरू कर दी गई। वह घबराकर अंदर घुस गया। इसके बाद भी बाहर से आए हमलावर लड़के लगातार बमबाजी करते रहे। घटना से कालेज प्रशासन और छात्र सन्न रह गए। पुलिस को सूचना दी गई। तब तक हमलावर भाग निकले थे। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के बाद उनकी गाड़ियों के नंबर आरटीओ आफिस से पता कर लिए। फिर दबिश देते हुए मेरी लूकस के उस छात्र समेत छह को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर कर्नलगंज एके त्यागी ने बताया कि जिन लड़कों को बुलाया गया था, वे सभी बालिग हैं। उनके पास दस बम बरामद हुए हैं। पकड़े गए लड़कों में अविनाश चंद्रा, साहिल चंद्रा, अभय गुप्ता, विक्रम सोनकर और मो. साह्यान शामिल हैं। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
परीक्षा देकर लौट रही छात्रा से छेड़खानी
नवाबगंज। नवाबगंज के अटरामपुर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार की शाम एक छात्रा अपने भाई के साथ लौट रही थी। रेलवे फाटक बंद होने के कारण भाई ने बाइक रोकी तो तीन लोगों ने छात्रा से छेड़खानी की। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। छात्रा ने नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।