मुंबई रूट की एक ट्रेन में बम की सूचना मिलने पर रविवार को इलाहाबाद जंक्शन पर हड़कंप मच गया। इस दौरान इलाहाबाद जंक्शन और छिवकी स्टेशन पर मुंबई रूट पर चलने वाली एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को तलाशी ली गई। इलाहाबाद जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ द्वारा विशेष जांच अभियान भी चलाया गया। जंक्शन पर संदिग्ध दिखने वाले लोगों की तलाशी भी ली गई। प्रयागराज रवानगी के वक्त भी इलाहाबाद जंक्शन पर विशेष चौकसी बरती गई।
दरअसल शनिवार की देर रात कंट्रोल रूम पर किसी ने गोरखपुर से मुंबई जाने वाली एक ट्रेन में बम रखने की खबर दी थी। यह सूचना मिलते ही इलाहाबाद जंक्शन पर हड़कंप मच गया। देर रात ही जीआरपी और आरपीएफ को एलर्ट कर दिया गया। इस दौरान इलाहाबाद जंक्शन और इलाहाबाद छिवकी से मुंबई जाने वाली ट्रेनों की तलाशी लेनी शुरू की गई। रविवार को भी दिन भर यह क्रम जारी रहा। छिवकी में मुंबई जनता, हावड़ा-मुंबई मेल, वाराणसी-एलटीटी , महानगरी एक्सप्रेस, भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस को खंगाला गया। इसी तरह जंक्शन पर दरभंगा-एलटीटी, रक्सौल-एलटीटी, गोरखपुर-एलटीटी काशी एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, साकेत एक्सप्रेस आदि ट्रेन की चेकिंग जीआरपी ने की। इस दौरान डॉग स्क्वायड का भी सहयोग लिया गया। शाम को प्रयागराज रवानगी के दौरान के पूर्व भी जंक्शन पर सघन जांच अभियान चलाया गया। यात्री प्रतीक्षालय, विश्रामालय, सिविल लाइंस और सिटी साइड स्थित सरकुलेटिंग एरिया में भी चेकिंग की गई। जीआरपी प्रभारी रघुबीर सिंह के मुताबिक रविवार की देर रात तक जांच अभियान जारी रहा।