एक घंटे की बारिश से शुक्रवार दोपहर कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। गलियों में पानी भरने के साथ ही लोगों के घरों में भी बारिश का पानी घुस गया। इससे गृहस्थी का सामान खराब हो गया।
जमुना नगर, स्टेशन रोड नैनी, ट्रांसपोर्ट नगर और झिलमिल कॉलोनी के अलावा चक फैजुल्ला, कसाई मोहल्ला, विद्यार्थी नगर, चकदौंदी और जान्हवी नगर में लोगों से जलभराव का सामना करना पड़ा। जमुना नगर की हर गली में एक फीट तक पानी भर गया। क्षेत्र में बीते 15 दिन से जलभराव की समस्या बनी है।
बृहस्पतिवार और शुक्रवार की तेज बारिश ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। लोगों ने नगर निगम और जलकर विभाग को जलभराव के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि बारिश से पूर्व नाला व सीवर लाइन की सफाई नहीं की। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
जमुना नगर मोहल्ले में जल निकासी के लिए नई सीवर लाइन बिछाने का काम तीन माह पहले शुरू हुआ था। बारिश शुरू होने तक यह कार्य पूरा नहीं हो सका। आरोप है कि ठेकेदार ने काम अधूरा ही छोड़ दिया। मोहल्लवासियों का आरोप है कि यदि कार्य पूर्ण होता तो यह समस्या उत्पन्न नहीं होती। चक फैजुल्ला, खरकौनी और जान्हवी नगर में भी पानी निकासी की ठोस नीति न होने से हर साल यह समस्या आती है।
चाका वार्ड में बारिश से फिर गहराया जलभराव का संकट
नैनी। चाका वार्ड के कई मोहल्लों में पिछले पंद्रह दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। नगर निगम की ओर से पंप लगाकर पानी निकालने का काम किया जा रहा है। जिन मोहल्लों से पानी निकाला जा रहा था, वहां फिर से पानी इकट्ठा हो गया। यह स्थिति नए यमुना पुल के नीचे बसे गंगोत्री नगर मोहल्ले में गंभीर है। चाका ब्लॉक मुख्यालय के सामने बसी नई बस्ती भी जलभराव से जूझ रही है। इसके अतिरिक्त, गोविंदपुरम कॉलोनी और एफसीआईरोड आदि भी प्रभावित हैं। संवाद
जमुना नगर मोहल्ला नीचे बसा हुआ है, इसलिए पानी रहता है। निकासी के लिए पंप लगाया गया है। अधूरी पड़ी सीवर लाइन का काम पूर्ण होने के बाद समस्या लगभग समाप्त हो जाएगी।-अखिलेश त्रिपाठी, जोनल अधिकारी, नगर निगम जोन पांच
नैनी। जमुना नगर मोहल्ले में गली में भरे बारिश के पानी में खेलते बच्चे। स्रोत मोहल्ला वासी- फोटो : Archive