बुधवार को भी पुलिस ने करेली, जीटीबी नगर, कसारी मसारी, चकिया, राजरूपपुर, मरियाडीह, असरौली आदि इलाकों में रिश्तेदारों और बेटों के दोस्तों के घर खोजबीन की। लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। शाइस्ता के कुछ नजदीकी रिश्तेदारों को भी पकड़कर पूछताछ हो रही है। मोबाइल बंद है। सीडीआर के आधार पर कुछ नंबर सर्विलांस पर भी लगाए गए हैं।
शहरवासियों के लिए रुखसार बिल्कुल नया नाम है। करेली की रहने वाली रुखसार उस वक्त चर्चा में आई जब उमेश हत्याकांड में प्रयुक्त क्रेटा कार पुलिस ने बरामद की। इंजन और चेचिस नंबर से पता चला कि कार ईट आन रेस्टोरेंट के मालिक नफीस अहमद की थी, जिसे उन्होंने अपनी रिश्तेदार रुखसार को बेच दिया था। पुलिस तुरंत रुखसार के घर पहुंची। वहां ताला लगा था। वह परिवार के साथ फरार हो गई। इसके बाद नफीस को भी पकड़ लिया गया।
नफीस की पूछताछ के आधार पर रुखसार की तलाश में छापे मारे गए। मोबाइल नंबर की सीडीआर के आधार पर लोगों से पूछताछ हुई लेकिन रुखसार का रहस्य आज भी बरकरार है। पुलिस उसके बारे में कुछ भी पता नहीं लगा पाई। उसके पकड़े जाने के बाद ही पता चलेगा कि कार शूटरों तक कैसे पहुंची। नफीस की घटना में संलिप्तता या बेगुनाही रुखसार के बयान पर निर्भर करेगा। पुलिस का कहना है कि रुखसार की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।