आंध्र प्रदेश और उड़ीसा में आए चक्रवाती तूफान का असर यहां दूसरे दिन भी बना रहा। इसके चलते शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में विद्युत व्यवस्था धड़ाम हो गई। जिले में सोमवार की रात, मंगलवार की रात के बाद बुधवार की दोपहर आई आंधी और पानी से दर्जनों पेड़ उखड़ गए। सैकड़ों पेड़ों की डालियां टूट गईं। पेड़ों के गिरने से विद्युत पोल भी दर्जनों की संख्या में टूटे। दर्जनों स्थानों पर 33 केवी, 11 केवी सहित हाईटेंशन लाइन भी प्रभावित हुई। शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में विद्युत समस्या खड़ी हो गई है। लोगों को पीने का पानी नहीं मिला। कई स्थानों पर हादसा हो गया, जबकि कई स्थानों पर हादसा होने से बच गया।
मंगलवार की रात और बुधवार की दोपहर में आई आंधी की वजह से इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर, हिंदू हॉस्टल, मनमोहन पार्क के पास, जगराम चौराहा, एएनझा हॉस्टल, कैंटोमेंट बोर्ड, शिवकुटी, प्रयाग स्टेशन, स्टेनली रोड, कानपुर रोड, महात्मा गांधी मार्ग, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, सेंट एंथोनी के पास तीन पेड़, तेलियरगंज, रसूलाबाद, राजापुर, अशोक नगर, सर्किट हाउस, लोहिया मार्ग, विनायक टॉवर के पास, नेवादा, माधोकुंज, केसर विद्यापीठ, चौक स्थित इमामबाड़ा, निर्मल अखाड़ा, दिलकुशा पार्क, मेरीलूकस, शाहगंज, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, दारागंज के पास, बाई का बाग, कीडगंज, साउथ मलाका, शाहगंज, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय मार्ग पर, मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर, बमरौली सबस्टेशन, एनसीआर के सामने, मनौरी सबस्टेशन, नैनी, झूंसी सहित शहर के आस-पास सहित शहर के और भी कई इलाकों में सैकड़ों की संख्या में पेड़ गिरे हैं, जिसकी चपेट में आकर दर्जनों की संख्या में पोल टूट गए। पोलों पर लगे हाईटेंशन तार जमीन पर आ गए। इससे कई जगह हादसा होने से भी बचा।
शहर के सिविल लाइंस, अशोक नगर, म्योराबाद, कटरा, कर्नलगंज, दरभंगा कॉलोनी, जॉर्ज टाउन, टैगोर टाउन, छोटा बघाड़ा, इलाहाबाद विश्वविद्यालय का इलाका, तेलियरगंज के कई मुहल्ले, शिवकुटी, सलोरी, अलोपीबाग, बैरहना, रामबाग, गऊघाट, कल्याणी देवी, अतरसुइया, मीरापुर, शास्त्रीनगर, राजापुर, चौक, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज परिसर, करेली और उसके आसपास के जुडे़ मोहल्ले, सूबेदारगंज, प्रीतमनगर, रोशनबाग, खुसरोबाग, खुल्दाबाद, लोकनाथ, मोहत्सिमगंज सहित शहर के दर्जनों मुहल्लों में बिजली गुल हो गई। हालांकि विद्युत अधिकारियों ने कई इलाकों में व्यवस्था को तुरंत बहाल किया लेकिन जहां-जहां पेड़ गिरे, पोल टूटे, हाईटेंशन तार टूटा उन मुहल्लों में बुधवार को पूरे दिन के साथ देर रात तक बना रहा।
हालांकि विद्युत अधिकारियों ने दावा किया कि उन्होंने कई मुहल्लों में बिजली व्यवस्था शाम तक बहाल कर दी। इससे लोगों को पीने का पानी मिल गया, लेकिन देर रात तक दर्जनों इलाकों में अंधेरा छाया रहा। विद्युत अधिकारी विद्युत व्यवस्था को बहाल करने में लगे रहे। पोल, तार टूटने से पॉवर कॉरपोरेशन का लाखों का नुकसान भी उठाना पड़ा। सेंट एंथोनी, हाईकोर्ट के पास गर्ल्स हाईस्कूल सहित शहर के कई पुराने भवन पेड़ों के गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई भवनों में लगे टीन शेड उखड़ गए। भवन की दिवारों के गिरने से कई लोग चपेट में आने से भी बचे।
बताशामंडी के पास करंट की चपेट में आने से बुधवार को दो गायों की मौत हो गई। दोनों गायें एक विद्युत पोल के पास खड़ी थीं, अचानक उसमें करंट उतर आया। इससे आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया। हंगामा देख मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। विद्युत अधिकारियों ने दो घंटे तक कड़ी मेहनत के बाद आपूर्ति को ठप कर व्यवस्था में सुधार किया और मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। इस मौके पर आशीष अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, फक्कड़, सचिन सिंह, सबी सिंह, सौरभ अग्रवाल, अर्पित शर्मा, राजेंद्र यादव, मनोज पंडित, संदीप चौरसिया आदि लोग मौजूद रहे।