मम्फोर्डगंज में एक घर में घरेलू काम करने वाली महिला ने पांच लाख के गहने चुराकर तीन सराफा दुकानदारों को बेच दिए। जांच पड़ताल में जुटी पुलिस ने आरोपी महिला समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके कब्जे से गहने भी बरामद कर लिए। बताया कि सभी को जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मन्नालाल, संतोष गुप्ता निवासी मम्फोर्डगंज, सुमित गुप्ता पुराना कटरा व नौकरानी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, मम्फोर्डगंज स्थित शिवबिहारी अपार्टमेंट निवासी माधुरी सिंह ने केस दर्ज कराया था।
बताया था कि कानपुर निवासी महिला उनके घर में काम करती थी। पिछले कुछ दिनों से उनके घर से लगातार सामान चोरी हो रहे थे। एक दिन उन्होंने नौकरानी को रंगे हाथ पकड़ लिया तो पता चला कि उसने 35 हजार नगद के अलावा करीब पांच लाख के गहने चुराकर बेच दिए हैं। पुलिस से शिकायत की बात पर वह माफी मांगने लगी और रुपये व गहने वापस करने की बात कही। लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी रुपये व गहने वापस नहीं किए। बाद में वह मारपीट करने के साथ ही धमकी देने लगी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। महिला को पकड़कर पूछताछ शुरू की गई तो उसने तीनों दुकानदारों के नाम बताए जिस पर उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया। गहनों की बरामदगी के बाद सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।