समाधान दिवस पर थाने में विवाद, शांतिभंग में चालान
नवाबगंज। थाने में समाधान दिवस पर विवाद करने के आरोप में पुलिस ने राहुल जायसवाल निवासी झोखरी आदमपुर समेत दो का शांतिभंग में चालान कर दिया। उधर, राहुल ने पुलिस पर पिटाई, गालीगलौज व धमकी देने का आरोप लगाया है।
घटना शनिवार दोपहर एक बजे की है। नवाबगंज थाने में समाधान दिवस आयोजित किया जा रहा था, जिसके तहत मौके पर पुलिस के साथ ही राजस्व अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे। इस दौरान राहुल भी वहां पहुंचा था। उसका आरोप है कि वहां इंस्पेक्टर व दो दरोगाओं ने गालीगलौज करते हुए उसे पीटा और जेल भेजने की धमकी दी। शांतिभंग में चालान भी कर दिया। उधर, इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी का कुछ लोगों से भूमि विवाद है। पैमाइश भी हो चुकी है। इसके बावजूद वह थाने पर मौजूद राजस्वकर्मियों से विवाद कर समाधान दिवस में व्यवधान उत्पन्न कर रहा था। इस पर उसका व उसके एक साथी का शांतिभंग में चालान किया गया है।