00000000000000000
स्टेशन डायरेक्टर समेत कई अफसरों का तबादला
0 झांसी में तैनात नीरज भटनागर होंगे अब जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर
0 इलाहाबाद जंक्शन के स्टेशन मैनेजर आर राजपूत भेजे गए झांसी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रशासन ने इलाहाबाद जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर समेत कई अफसरों का अचानक तबादला कर दिया है। जंक्शन पर स्टेशन डायरेक्टर पद पर तैनात गिरीश कंचन को इसी पद पर झांसी भेजा गया है। तकरीबन नौ माह पूर्व ही गिरीश कंचन ने यहां डायरेक्टर का पदभार संभाला था। झांसी मंडल में डीसीएम के पद पर तैनात नीरज भटनागर को अब इलाहाबाद जंक्शन का दायित्व सौंपा गया है। नीरज भटनागर जल्द ही जंक्शन आकर अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
एनसीआर के वरिष्ठ अधिकारी एसके सिंह की ओर से जारी पत्र में नीरज भटनागर को डीसीएम झांसी से इलाहाबाद जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर के पद पर ट्रांसफर किया गया है। यहां तैनात गिरीश कंचन एक बार फिर से झांसी जंक्शन पर स्टेशन डायरेक्टर का पद संभालेंगे। झांसी के स्टेशन डायरेक्टर अनुपम सक्सेना को वहां मंडल का डीसीएम बनाया गया है। इसके अलावा इलाहाबाद जंक्शन पर तैनात राजाराम राजपूत को झांसी मंडल में स्थानांतरित किया गया है। वहां वह एओएम गुड्स का कार्य देखेंगे। वर्ष 2013 में ही राजाराम राजपूत को यहां का स्टेशन मैनेजर बनाया गया था। कुंभ के दौरान स्टेशन निदेशक और स्टेशन मैनेजर ने सराहनीय कार्य किया था। उधर इलाहाबाद मंडल में डीओएम गुड्स के पद को डीसीएम में पुन: निर्दिष्ट किया गया है। इस पद पर अखिल शुक्ला की तैनाती की गई है।