डिजिटल लॉकर से घर बैठे प्राप्त किए डिग्री, अंकपत्र
0 राज्य विवि ने 5.31 लाख डिग्री, अंकपत्र किए अपलोड, 2200 पूर्व छात्रों ने उठाया लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों के पूर्व छात्र-छात्राओं के अंकपत्र एवं डिग्री डिजिटल लॉकर में अपलोड कर दिए गए हैं। पिछले पांच वर्षों में विश्वविद्यालय से डिग्री एवं अंक पत्र प्राप्त करने वाले तकरीबन 5.31 लाख छात्र-छात्राएं अब ऑनलाइन माध्यम से अपनी डिग्री एवं अंकपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
मार्च से लेकर अब तक लगभग 2200 पूर्व छात्र-छात्राओं ने अब तक डिजिटल लॉकर से ऑनलाइन माध्यम से डिग्री एवं अंकपत्र प्राप्त किए हैं। राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2016 में हुई थी। तब से लेकर वर्ष 2021 तक विश्वविद्यालय और प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी एवं फतेहपुर में स्थित संघटक कॉलेजों से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की डिग्री एवं अंकपत्र डिजिटल लॉकर में अपलोड किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर वह कहीं से भी ऑनलाइन माध्यम से डिग्री एवं अंकपत्र प्राप्त कर सकें। अब तक 2200 विद्यार्थी इस व्यवस्था का लाभ उठा चुके हैं। डिग्री एवं अंक पत्रों के वेरिफकेशन की प्रक्रिया में भी छात्र-छात्राओं को इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
00
राज्य विवि की परीक्षा में पकड़े गए 42 नकलची
प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा के दौरान सोमवार को 42 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। प्रयागराज, कौशम्बी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर के 392 केंद्रों में हुई परीक्षा के लिए 121855 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1707 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। ब्यूरो